जन्मदिवस पर शिक्षक ने कराया न्योता भोज, उत्कृष्ट बच्चों को किया गया सम्मानित,शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोदकपल्ली में प्रेरणादायक आयोजन

मुर्गेश शेट्टी,बीजापुर 24 जुलाई।भोपालपटनम ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोदकपल्ली में आज एक हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। शिक्षक श्री अनिल कुमार जाटव ने अपने सुपुत्र के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का आयोजन कर मानवीय संवेदनाओं का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री पी. नागेंद्र, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री श्रीनिवास एटला एवं प्रधान पाठक श्री मकबूल अहमद सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत दक्ष बीजापुर कार्यक्रम (शैक्षणिक सत्र 2024-25) के तहत चयनित कक्षा 8वीं के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विद्यालय में सम्मानित किया गया। प्रधान पाठक श्री मकबूल अहमद द्वारा बच्चों को प्रशस्ति पत्र, तथा श्री अनिल कुमार जाटव द्वारा स्कूल बैग, पेन व मंच चॉकलेट भेंट स्वरूप प्रदान किए गए।

बच्चों को ये सामग्री विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के कर-कमलों द्वारा भेंट की गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और ऐसे प्रयासों को शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्पद बताया।

विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों, शिक्षकों व समुदाय के बीच सशक्त जुड़ाव का प्रमाण बना, जिससे न केवल छात्रों को प्रोत्साहन मिला, बल्कि विद्यालयी परिवेश में आनंद, प्रेरणा और विश्वास का वातावरण भी सृजित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here