मुर्गेश शेट्टी,बीजापुर भोपालपटनम (पटेलपारा)।श्री श्री श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर, जो हाल ही में पटेलपारा, भोपालपटनम में भव्य रूप से निर्मित हुआ है, अब श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिकता और सेवा का केंद्र बन चुका है। हर शनिवार को यहाँ आयोजित होने वाला विशेष अन्नदान कार्यक्रम (भंडारा) भक्तों को प्रभु के चरणों में समर्पण और सेवा का अनमोल अवसर प्रदान करता है।
इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तजन मंदिर पहुंचते हैं, भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन करते हैं और अन्न प्रसाद ग्रहण कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। यह आयोजन न केवल एक धार्मिक परंपरा है, बल्कि समाज में सेवा और समर्पण की भावना को भी जाग्रत करता है।
प्रभु सेवा में सहभागी बनें, पुण्य लाभ कमाएँ
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुजनों से इस सेवा कार्य में तन, मन और धन से सहभागी बनने की अपील की है। समिति का कहना है कि “प्रभु सेवा में दिया गया आपका छोटा सा योगदान भी आपको भगवान वेंकटेश्वर स्वामी की असीम कृपा का पात्र बना सकता है।”
यदि आप इस पुण्य कार्य में अपना सहयोग देना चाहते हैं – चाहे वह अन्न, सामग्री, या आर्थिक सहायता के रूप में हो – तो कृपया मंदिर समिति से संपर्क करें। आपका सहयोग, भले ही कितना भी छोटा क्यों न हो, एक दिव्य अनुभूति और आशीर्वाद की ओर आपका कदम हो सकता है।



