छत्तीसगढ़ के सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म पर कपड़ों की खरीदी कर स्कैनर के माध्यम से पेमेंट किया था। इसके बाद महिला के खाते से दो बार में एक लाख रुपये पार हो गए। महिला ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
सरकंडा के वसंत विहार कॉलोनी में रहने वाली शिवानी सिंह ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। महिला ने बताया, ‘आठ जुलाई को मेरे मोबाइल पर दो बाद में बैंक खाते से एक लाख रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज आया। जानकारी होते ही बैंक जाकर अपना खाता ब्लॉक कराया।’
जांच में पता चला कि महिला के बैंक खाते से झारखंड के धनबाद स्थित एक बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि पांच जुलाई को उसने इंस्टाग्राम लिंक के माध्यम से कुछ कपड़े पसंद कर खरीदी की थी। इसका पेमेंट उन्होंने बार कोड के माध्यम से किया था।
यह शॉपिंग होने के बाद इंस्टाग्राम आईडी के हैंडलर ने उन्हें ब्लॉक कर दिया। साथ ही उनके खरीदी के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई। इसके तीसरे दिन ही उनके खाते से एक लाख रुपये गायब हो गए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
The Noble Indian Latest & Breaking News Updates In Hindi