पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थानाक्षेत्र के बांकी गांव में शनिवार की सुबह करीब 7:30 बजे दो पट्टीदारों के बीच भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में चली गोली लगने से एक किशोरी की मौत हो गई। आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हैं।
पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़ीदयाल के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर कैंप कर रही है। बताया गया है कि रामजी भगत और प्रेम भगत के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। इसको लेकर शनिवार की सुबह दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। धारदार हथियार का उपयोग किया जाने लगा। इसी दौरान गोली चलने लगी।
फायरिंग के दौरान एक गोली प्रेम भगत की 15 वर्षीया भगिनी को लगी। मौके पर ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। सभी घायलों को नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया है।
पुलिस अक्षीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पकड़ीदयाल के पुलिस उपाधीक्षक मौके पर तैनात हैं। पुलिस की टीम घटना को अंजाम देनेवाले लोगों की खोज कर रही है। तत्काल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति बनी रहे, इसके लिए पुलिस की टीम कैंप कर रही है।
The Noble Indian Latest & Breaking News Updates In Hindi