रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रही है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 मार्च को रायपुर पहुंचेंगी और छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगी। वे ‘विधायकों को उद्बोधन’ कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेश के जनप्रतिनिधियों को संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बुधवार को विधानसभा परिसर का निरीक्षण किया और कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान के लिए विशेष प्रवेश और निकास द्वार तय किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ कई विशिष्ट अतिथि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रशासन ने उनके बैठने और ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया है ताकि यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का यह विशेष कार्यक्रम न केवल राज्य की लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करेगा, बल्कि विधायकों के लिए प्रेरणादायक भी होगा। पूरे प्रदेश की निगाहें इस महत्वपूर्ण आयोजन पर टिकी हैं।
The Noble Indian Latest & Breaking News Updates In Hindi