रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस और सुरक्षाबल नक्सलियों की कमर तोड़ने में जी जान से जुटे हुए हैं। इसी क्रम में कोंडागांव-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों का आमना-सामना हुआ। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में दो हार्डकोर नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एके-47 राइफल और दो शव बरामद किए गए हैं। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
इससे पहले सोमवार को सुरक्षाबलों ने बीजापुर जिले के भैरमगढ़ और मिरतुर थाना क्षेत्रों से सात नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। इन नक्सलियों के पास से विस्फोटक बरामद किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गश्त पर निकली स्थानीय पुलिस और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) को ने डालेर गांव के जंगल से छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, जिलेटिन की छड़ें, विस्फोटक, बैटरी और अन्य सामान बरामद किया गया।
सुरक्षाबलों ने मिरतुर थाना क्षेत्र से भी एक अन्य नक्सली को गिरफ्तार किया है। इस नक्सली से पिट्ठू बैग से टिफिन बम, बैटरी, बिजली का तार, पटाखे आदि बरामद किए गए। गिरफ्तार नक्सलियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
The Noble Indian Latest & Breaking News Updates In Hindi