रायपुर: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देउरमार के आश्रित ग्राम लामीखार स्थित शासकीय प्राथमिक शाला तथा ग्राम गोढ़ी में संचालित शासकीय आदर्श आदिवासी कन्या आश्रम को जिला प्रशासन द्वारा शैक्षणिक भ्रमण सूची में शामिल किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान दोनों संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया, जिसमें सीमित संसाधनों के बावजूद संचालित नवाचारों, शिक्षण वातावरण एवं समग्र विकास आधारित गतिविधियों की सराहना की गई। जिला प्रशासन ने जिला शिक्षा अधिकारी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव संबंधित संचालनालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राज्य स्तर पर अन्य जिलों के शिक्षक एवं विद्यार्थी भी अध्ययन भ्रमण हेतु यहां आ सकें।

लामीखार प्राथमिक शाला में प्रिंट-रिच वातावरण, “कबाड़ से जुगाड़” आधारित विज्ञान मॉडल, किचन गार्डन एवं 128 प्रजातियों के पौधों से युक्त शैक्षणिक परिसर विकसित किया गया है। “मुस्कान पुस्तकालय” के अंतर्गत लगभग 1500 पुस्तकों का संचालन विद्यार्थी स्वयं करते हैं। वर्ष 2025 में यहां के 8 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में चयन हुआ। गोढ़ी आदिवासी कन्या आश्रम में छात्राओं को पाठ्यक्रम के साथ व्यावहारिक एवं नैतिक शिक्षा प्रदान की जा रही है। दोनों संस्थान वनांचल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रेरक मॉडल के रूप में उभर रहे हैं।
The Noble Indian Latest & Breaking News Updates In Hindi