भोपालपटनम में नवरात्रि महोत्सव की धूम: माँ दुर्गा, शारदा व भद्रकाली की हो रही भव्य पूजा अर्चना

मुर्गेश कुमार शेट्टी,बीजापुर, 22 सितम्बर 2025 ।भोपालपटनम नगर में शारदीय नवरात्रि पर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व के दौरान नगर के विभिन्न स्थलों पर मां दुर्गा, मां शारदा और मां भद्रकाली की भव्य आराधना की जा रही है।

नगर के हृदयस्थल क्लब प्रांगण में मां दुर्गा का विशाल पंडाल रंग-बिरंगे फूलों की मालाओं और टिमटिमाती रोशनी से अत्यंत आकर्षक रूप में सजाया गया है। यहां विधिवत रूप से मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना कर अर्चक द्वारा नौ दिनों तक नित्य पूजन, आरती और भजन-कीर्तन किया जा रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता के दर्शन व पूजन हेतु पहुंच रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर, स्थानीय शिव मंदिर समिति द्वारा मां शारदा की मूर्ति की स्थापना कर भव्य पंडाल तैयार किया गया है। यहां भी नवरात्रि के नौ दिनों तक विधिविधानपूर्वक पूजा-अर्चना की जा रही है। मां शारदा के दरबार में भक्तगण अपनी मनोकामनाएं लेकर मनोकामना ज्योति प्रज्वलित कर रहे हैं। इन नौ दिनों में माता जी का नौ रूपो जैसे कि शैलीपुत्री , ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा,स्कंदमाता,कात्यायनी,कालरात्रि,महागौरी, सिद्धिदात्री,माताओं के स्वरूप की पूजा भक्ती श्रध्दा के साथ कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

भोपालपटनम से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित मां भद्रकाली शक्तिपीठ मंदिर में भी नवरात्रि का पर्व अत्यंत श्रद्धा व आस्था के साथ मनाया जा रहा है। मान्यता है कि यह शक्ति स्थल काकतीय राजाओं के शासनकाल में स्थापित हुआ था। यहां हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन (भंडारे) की व्यवस्था की गई है। दूर-दूर से श्रद्धालु यहां माता के दर्शन व पूजन हेतु पहुंचते हैं।

इन नौ दिनों तक पूरे नगर और क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत वातावरण बना रहता है। भक्तगण व्रत, उपवास और नियमित पूजन के माध्यम से मां दुर्गा, मां शारदा और मां भद्रकाली का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

नगरवासियों की मान्यता है कि इस पावन पर्व पर की गई आराधना से समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख, शांति व समृद्धि आती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here